नईसराय चौक हिंसा: पुलिस पर हमले के आरोप में 6 नामजद समेत 20-25 अज्ञात पर FIR
सड़क हादसे के बाद भड़की भीड़, पुलिस को बनाया निशाना
रामगढ़। नईसराय चौक पर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक के परिजन शव को लेकर नईसराय चौक पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान यातायात व्यवस्था संभालने पहुंचे पुलिसकर्मियों को उग्र भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस का आरोप है कि कुछ लोगों ने मौके पर मौजूद भीड़ को भड़काकर स्थिति को और गंभीर बना दिया, जिससे कानून-व्यवस्था की चुनौती खड़ी हो गई।
लिट्टी चाय दुकानदार पर भीड़ को उकसाने का आरोप पत्थरबाजी से घायल हुए पुलिसकर्मी
प्राथमिकी के अनुसार कश्मीर वस्त्रालय के सामने लिट्टी की दुकान लगाने वाले चन्दन कुमार पर भीड़ को पुलिस के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि उसने लोगों को उकसाते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पप्पु (पिता-कौसा), सलमान (पिता-कोल्हा पेंटर), गौतम (पिता-चार्ली ड्राइवर), कासीब (पिता-प्लाजा मिस्त्री), गोल्डन पानी वाला के दो पुत्र तथा अन्य लोगों ने पुलिस टीम की ओर गाली-गलौज और पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमले में यातायात थाना के सअनि शंकर कुमार और सअनि सुरेन्द्र मंडल घायल हो गए।
जान बचाने को चाय दुकान में छिपे पुलिसकर्मी, नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस का दावा है कि फरीद नामक युवक ने ईंट का टुकड़ा मारकर शंकर कुमार को घायल कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने सुरेन्द्र मंडल पर भी पत्थर फेंके। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पास की एक चाय दुकान में शरण लेनी पड़ी और शटर बंद कर खुद को सुरक्षित करना पड़ा। बाद में रामगढ़ थाना पुलिस ने उन्हें बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में चन्दन कुमार, पप्पु, सलमान, गौतम, कासीब, गोल्डन पानी वाला के दो पुत्र, फरीद तथा 20-25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला, जानलेवा हमला, दंगा एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

