एकलव्य मॉडल स्कूल की नौकरी का सपना दिखाकर लोहरदगा में दो दर्जन युवाओं से लाखों की ठगी, प्लेसमेंट ऑफिस पर लगा ताला
लोहरदगा में बेरोजगार युवाओं की मजबूरी को शातिर ठग ने ऐसा भुनाया कि नौकरी का सपना देखते-देखते दो दर्जन से ज्यादा युवा ठगी के शिकार हो गए।
मामला एकलव्य मॉडल स्कूल में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी से जुड़ा है, जहां जेके ए-टू-जेड सॉल्यूशन नाम की एक फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी ने युवाओं को ऐसा झांसा दिया कि सभी हाथ में ऑफर लेटर लेकर स्कूल तक पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक, लोहरदगा बीएस कॉलेज रोड स्थित एक किराए के मकान में पिछले कुछ महीनों से यह कथित प्लेसमेंट एजेंसी संचालित की जा रही थी। एजेंसी संचालक जय किशन सिंह, जो खुद को गुमला जिले के सोसो मोड़ का निवासी बताता था, ने 25 से अधिक युवाओं से 1.30 लाख से लेकर 2.50 लाख रुपये तक वसूले।
युवाओं से फॉर्म भरवाए गए, दस्तावेज लिए गए और दावा किया गया कि
👉 2 जनवरी को एकलव्य मॉडल स्कूल में योगदान करना है
👉 वार्डन से लेकर चतुर्थ वर्गीय कर्मी तक के पद पक्के हैं
लेकिन असली झटका तब लगा जब ऑफर लेटर लेकर युवा स्कूल पहुंचे। वहां पता चला कि जिन पदों पर नियुक्ति दिखाई गई थी, वहां पहले से कर्मचारी काम कर रहे हैं।
युवा जब वापस प्लेसमेंट एजेंसी के ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला,
👉 जय किशन सिंह गायब
👉 मोबाइल फोन बंद
👉 और नौकरी का सपना पूरी तरह चकनाचूर
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित युवाओं ने सदर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

