बोरियो-तीन पहाड़ सड़क पर भीषण टक्कर : पुलिस जवान समेत 3 युवकों की मौत, एक गंभीर
● साहिबगंज के बोरियो थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा
● गोड्डा पुलिस लाइन के जवान हृदय कुमार सरकार समेत तीन की मौत
● अस्पताल में चल रहा है एक घायल का इलाज, परिवारों में मातम
साहिबगंज, 30 मई : जिले के बोरियो-तीन पहाड़ मुख्य सड़क पर शुक्रवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के एक जवान समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। कैसे हुआ हादसा? प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोड्डा पुलिस लाइन में पदस्थापित पुलिस जवान हृदय कुमार सरकार (35) ड्यूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोगड़ा स्थित क्रेशर प्लांट के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हृदय कुमार सरकार और बाइक सवार मिराज अंसारी (25) की मौके पर ही मौत हो गई।अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में गंभीर रूप से घायल साहिल अंसारी और सनाउल अंसारी को तुरंत सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान साहिल अंसारी ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे घायल सनाउल अंसारी का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवारों में मातम एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। पुलिस जवान हृदय कुमार सरकार के परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं मिराज अंसारी और साहिल अंसारी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शुरू की जांच। घटना की सूचना मिलते ही बोरियो पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। सड़क सुरक्षा पर सवाल : इस हादसे ने एक बार फिर बोरियो-तीन पहाड़ मुख्य सड़क की खराब हालत और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासनकी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

