कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम, कार्रवाई के बीच मचा हड़कंप
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अधवारी गांव में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब न्यायालय के आदेश पर दखल-देहानी और अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने एक बुजुर्ग आग की चपेट में आ गए। वार्ड संख्या-05 में चल रही इस कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी, न्यायालय कर्मी और पुलिस बल मौजूद थे। जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में प्रशासन कोर्ट के आदेश का अनुपालन करा रहा था। अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया तथा कुछ समय के लिए कार्रवाई बाधित हो गई।
आग की लपटों में घिरे बुजुर्ग को बचाने के लिए दौड़े लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन मालिक राजेंद्र ठाकुर (60) प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान वे आग की लपटों में घिर गए। घटना को देखते ही पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पहले उन्हें जिरौल स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, कोर्ट कमिश्नर से धक्का मुक्की का आरोप
बुजुर्ग के झुलसने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इस दौरान न्यायालय कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की भी सूचना सामने आई। ग्रामीणों के आक्रोश के बीच कोर्ट कमिश्नर रत्नाकर झा को घेर लिए जाने और उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर न्यायालय कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर हालात को नियंत्रित किया गया।
पुराने जमीन विवाद ने लिया गंभीर मोड़, जांच में जुटा प्रशासन
ग्रामीणों के अनुसार राजेंद्र ठाकुर और महेंद्र यादव के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन था और हाल ही में आए आदेश के अनुपालन में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों का कहना है कि मामले के अलग-अलग फैसलों के कारण राजेंद्र ठाकुर मानसिक तनाव में थे। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अमित कुमार, एसडीओ शारंग पानी पांडेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी गांव पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मारपीट, हंगामे और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
A dramatic incident unfolded in Adhwari village under Benipatti police station area of Madhubani district during a court-ordered land eviction operation. A 60-year-old man, identified as Rajendra Thakur, allegedly set himself on fire while protesting administrative action related to a long-running land dispute. Police personnel and local residents quickly intervened, extinguished the flames, and rushed him to a hospital for treatment. Following the incident, tension spread across the village, and angry villagers reportedly confronted court officials. Senior administrative and police officers reached the spot, restored order, and launched an investigation into the entire matter.

