धनबाद में फिर दहशत: जामाडोबा में तड़के दो राउंड फायरिंग, युवक के सीने में फंसी गोली! अवैध लोहा कटिंग के वर्चस्व की जंग में तीसरी गोलीबारी, पुलिस ने खोखा और रोपवे का कटा तार बरामद
धनबाद। झारखंड के कोयला-लोहा माफिया के अड्डे धनबाद में अवैध धंधों की जंग अब खुलेआम गोलीबारी में तब्दील हो चुकी है। पिछले चार दिनों में यह तीसरी घटना है। शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे झरिया के जामाडोबा, जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डुमरी दो नंबर गली में अचानक दो राउंड फायरिंग ने पूरे इलाके को हिला दिया।गोली लगने से रिक्की सिंह (पिता मोहन सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके सीने में फंस गई है और हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया।
पत्नी का आरोप: “शौच के लिए निकले थे, संदिग्धों ने गोली चला दी”
घायल रिक्की सिंह की पत्नी चंदा कौर ने आंसू बहाते हुए बताया कि सुबह पति शौच के लिए बाहर निकले थे। तभी कुछ संदिग्ध युवक वहां मौजूद थे। शोर मचाने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। उन्होंने हर्ष, गोप और उनके साथियों पर आरोप लगाया है। चंदा कौर का कहना है कि अवैध लोहा कटिंग और रोपवे के वर्चस्व को लेकर पहले से रंजिश चल रही थी।
पुलिस का एक्शन: खोखा और कटा तार बरामद, CCTV खंगाला जा रहा
घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने वहां से एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
धनबाद में अवैध धंधों की आग
धनबाद के अवैध लोहा-कोयला कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई अब आम हो चुकी है। जामाडोबा, झरिया और आसपास के इलाकों में पिछले दिनों भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि इस बार भी जांच के सभी पहलुओं—चोरी, लोडिंग विवाद या गैंगवार—पर गौर किया जा रहा है। इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक माफिया राज चलेगा?

