🟥 सारंडा में गोलियों की गूंज जारी, 30 घंटे के सर्च ऑपरेशन में एक और नक्सली ढेर, महिला नक्सली होने की पुष्टि
चाईबासा |सारंडा के घने जंगल एक बार फिर गोलियों की आवाज़ से दहल उठे हैं। गुरुवार को 15 नक्सलियों के मारे जाने के बाद भी ऑपरेशन थमा नहीं। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के शवों को बाहर लाते समय नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक और नक्सली को ढेर कर दिया। एसपी अमित रेणु ने पुष्टि की है कि आज मारे गए नक्सली में एक महिला नक्सली शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि मारी गई महिला नक्सली सरिता हो सकती है, हालांकि अंतिम पहचान की पुष्टि अभी बाकी है। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है और पूरा इलाका सुरक्षा घेरे में है।
🔴 मेगाबुरु ऑपरेशन में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, 16 नक्सली ढेर, सारंडा में नक्सलियों की कमर टूटी
पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में चल रहा ऑपरेशन ‘मेगाबुरु’ झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के लिए ऐतिहासिक साबित हो रहा है। गुरुवार की मुठभेड़ में 15 नक्सलियों को मार गिराने के बाद अब एक और नक्सली के मारे जाने से कुल संख्या 16 तक पहुंच गई है। करीब 30 घंटे से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। कोबरा बटालियन-209, CRPF, झारखंड पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर रखा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी सुरक्षाकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
🔴 1 करोड़ का इनामी अनल दा ढेर, महिला नक्सलियों तक पहुंचा ऑपरेशन, सारंडा अब आखिरी सांसों पर
इस ऑपरेशन में मारे गए प्रमुख माओवादी नेताओं में पतिराम मांझी उर्फ अनल दा उर्फ तूफान दा शामिल है, जो CPI माओवादी की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था। उस पर झारखंड में ₹1 करोड़, ओडिशा में ₹1.2 करोड़ और NIA का अलग इनाम घोषित था।
अब तक 16 माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 5 महिला नक्सली शामिल बताई जा रही हैं। 13 की पहचान हो चुकी है, बाकी की प्रक्रिया जारी है। बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।

