🟥 उड़ीसा की डकैती का सोना धनबाद में चमका! निरसा की ज्वेलरी शॉप पर बड़ी रेड
उड़ीसा के क्योंझर जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बरबिल शाखा में हुई सनसनीखेज डकैती का तार अब झारखंड के धनबाद से जुड़ गया है। लूटे गए जेवरात को खपाने की सूचना पर उड़ीसा पुलिस की टीम ने निरसा पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की। भलजोड़िया रोड स्थित मां कामाख्या ज्वेलर्स समेत उसके गोदाम और मालिक के पांड्रा मोड़ स्थित घर में छापेमारी की गई, जहां से 215 ग्राम सोना बरामद किया गया।
🟥 डकैती का माल, पिता–पुत्र गिरफ्तार— मोबाइल से खुले उड़ीसा कनेक्शन
छापेमारी के दौरान ज्वेलरी शॉप के मालिक मुन्ना बर्मन और उनके पुत्र किशन राज बर्मन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि मोबाइल से उड़ीसा में हुई बातचीत के अहम साक्ष्य मिले हैं, जिससे डकैती के बाद जेवरात की खरीद–फरोख्त की पुष्टि होती है। कार्रवाई के बाद दुकान के नीचे स्थित गोदाम को सील कर दिया गया है।
🟥 6.4 किलो सोना, 8 लाख कैश की लूट— निरसा में मिली डकैती की कड़ी
गौरतलब है कि 19 जनवरी को उड़ीसा के बरबिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में आधा दर्जन हथियारबंद डकैतों ने कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर 6.4 किलो सोना और 8 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। उसी घटना की जांच के क्रम में उड़ीसा पुलिस धनबाद पहुंची। रेड के दौरान निरसा थाना और एमपीएल ओपी की पुलिस टीम भी साथ मौजूद रही।

