जवानों के लिए बिछाया था मौत का जाल, शिकार हो गया जंगल का राजा
सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों की एक और खौफनाक साजिश सामने आई है। पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जमीन के नीचे प्रेशर आईईडी लगाया गया था, लेकिन उसकी चपेट में जंगल का राजा हाथी आ गया। समठा क्षेत्र में विस्फोट होते ही जंगल गूंज उठा और हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना नक्सल हिंसा की क्रूरता के साथ-साथ वन्यजीवों पर पड़ रहे उसके दुष्परिणाम को भी उजागर करती है।
🟥 आईईडी ब्लास्ट से कांपा सारंडा, हाथी का उड़ा पैर— वन विभाग ने लगाई मदद की गुहार
चाईबासा के सारंडा जंगल में आईईडी विस्फोट के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। डीएफओ अभिरूप सिन्हा ने बताया कि विस्फोट में हाथी के पिछले बाएं पैर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घायल हाथी दर्द से कराहता हुआ जंगल में ही बैठ गया। वन विभाग ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी और हाथी के इलाज के लिए विशेष टीम बुलाने की पहल की गई।
🟥 आज ट्रैंकुलाइज होगा घायल हाथी, वनतारा की मेडिकल टीम संभालेगी मोर्चा
घायल हाथी के इलाज के लिए वनतारा की विशेष मेडिकल टीम रवाना हो चुकी है और आज उसे ट्रैंकुलाइज कर उपचार शुरू किया जाएगा। डॉक्टरों की टीम आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच रही है। वन विभाग की ओर से पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है ताकि इलाज के दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो। यह ऑपरेशन वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।

