🌳 जंगल में झूलते सवाल… पेड़ से लटके मिले दो नर कंकाल, पांच महीने पुराना प्रेम–विवाद फिर चर्चा में
बगहा के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से मिली सनसनीखेज सच्चाई
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब लौकरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर मुसहरी टोला के पश्चिम, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र में एक पेड़ से दो नर कंकाल लटके हुए मिले। घने जंगल के बीच इस भयावह दृश्य ने पूरे इलाके को दहला दिया। सूचना मिलते ही एसपी बगहा, एसडीपीओ रामनगर, लौकरिया थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कपड़े, चप्पल, एक मोबाइल फोन और प्लास्टिक में रखा गया एक कथित सुसाइड नोट बरामद किया गया है।
💔 पांच माह पहले लापता हुए थे दुलारी और अखिलेश, अब जंगल ने उगले कंकाल
अपहरण केस, प्रेम–प्रसंग और ऑनर किलिंग के आरोपों से जुड़ती कड़ियां
स्थानीय लोगों से पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कंकाल की पहचान 14 वर्षीय दुलारी देवी (पुत्री – मदन बीन) और 20 वर्षीय अखिलेश यादव (पुत्र – स्वर्गीय हीरामन यादव) के रूप में की है। बताया गया कि अखिलेश इंटर पास था और घर के कामों में हाथ बंटाता था, जबकि दुलारी देवी पिछले वर्ष तक पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों सितंबर 2025 से लापता थे। दुलारी के पिता मदन बीन ने 16 सितंबर को लौकरिया थाना में आवेदन देकर अखिलेश यादव समेत सात लोगों पर शादी की नीयत से अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वहीं अखिलेश की मां ने इस पूरे विवाद को लेकर न्यायालय में परिवाद दायर किया था।
⚖️ ऑनर किलिंग या आत्महत्या? पोस्टमार्टम और DNA रिपोर्ट से खुलेगा जंगल का राज
परिजनों की निष्पक्ष जांच की मांग, पुलिस हर एंगल से कर रही पड़ताल
करीब पांच महीने तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद जंगल से कंकाल मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। अखिलेश के परिजनों ने इसे ऑनर किलिंग करार देते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
इस संबंध में बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बताया कि,
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डीएनए जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।”
फिलहाल बरामद सुसाइड नोट, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

