सब्सिडी का सपना, ठगी की हकीकत! गिरिडीह में नकली कृषि पदाधिकारी बनकर 100 से ज्यादा किसानों से ठगी, दो गिरफ्तार
गिरिडीह में किसानों को सस्ती दर पर कृषि मशीन दिलाने का सपना दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। नगर थाना कांड संख्या 18/26 के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने डुमरी थाना क्षेत्र के खुदीसार गांव में छापेमारी कर दो शातिर ठगों—सुनिल वर्मा और धर्मेन्द्र वर्मा—को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को कृषि पदाधिकारी बताकर ग्रामीण किसानों से संपर्क करते थे और सब्सिडी पर पंप मशीन दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलते थे।
मोबाइल कॉल से शुरू हुआ ठगी का खेल : पांच साल में 100 से अधिक किसान बने शिकार, गिरिडीह पुलिस ने तोड़ी ठगों की कमर
पारडीह निवासी किसान अमृत कुमार वर्मा को मोबाइल नंबर 8434676794 से कॉल आया। सामने वाले ने खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताया और सब्सिडी पर पंप मशीन दिलाने की बात कही। भरोसे में आए किसान ने 50 हजार रुपये दे दिए, लेकिन न मशीन मिली न अधिकारी का अता-पता। शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंच बनाई।
खेती के नाम पर ठगी का नेटवर्क बेनकाब : DSP के नेतृत्व में बनी स्पेशल टीम, खुदीसार गांव से दो शातिर दबोचे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम में नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, एसआई एनुल हक़ और एएसआई प्रमोद प्रसाद शामिल थे। टीम ने डुमरी थाना क्षेत्र के खुदीसार गांव में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले पांच वर्षों से 100 से अधिक किसानों से ठगी कर चुके हैं। पुलिस अब अन्य पीड़ितों की पहचान और ठगी की कुल राशि का आकलन कर रही है।

