Coal Mafia vs Village! चंदे के बहाने बस्ती में तांडव, कुमारधुबी में कोयला तस्करी का आरोप
धनबाद जिले के कुमारधुबी ओपी क्षेत्र अंतर्गत जोगराद पंचायत के रायपाड़ा गांव में मंगलवार देर शाम हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि यादव और राय बंधु—अजय, अनिल और बुद्धू—पिछले तीन महीनों से खुलेआम अवैध कोयला तस्करी कर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक गाड़ी लगाने को लेकर हुए विवाद में चंदे का बहाना बनाकर बस्ती के लोगों की बेरहमी से पिटाई की गई। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन-चार अन्य को हल्की चोटें आईं।
चंदा या रंगदारी? रायपाड़ा में काली पूजा से पहले खूनी टकराव, तीन घायल
रायपाड़ा गांव में काली पूजा की तैयारियों के बीच चंदा मांगने पर शुरू हुई नोंक-झोंक देखते-देखते मारपीट में बदल गई। ग्रामीणों का कहना है कि भट्टा संचालक व उनके समर्थकों ने हमला किया, जबकि दूसरी ओर भट्टा संचालक का आरोप है कि उनसे रंगदारी मांगी जा रही थी और विरोध करने पर पथराव कर सिर फोड़ दिया गया।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण एकजुट होकर कुमारधुबी ओपी पहुंचे और जमकर हंगामा किया। ओपी प्रभारी मैथ्यू एक्का ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, वहीं पूर्व मुखिया रींटू पाठक के समझाने पर माहौल शांत हुआ।
श्मशान घाट पर भी संकट! अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के पास जंगलों में खुलेआम अवैध कोयला खनन और ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे न केवल जान-माल का खतरा है बल्कि श्मशान घाट पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

