ढलान पर टूटा भरोसा: लकड़ी लदा ट्रैक्टर पलटा, दो की मौत, छह जिंदगी मौत से जूझ रही
खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। निरसिंग गांव के पास ढलान पर लकड़ी से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
अबुआ आवास की लकड़ी बनी काल: रनिया हादसे में दो की मौत, गांव में मातम
जानकारी के अनुसार रायसोम गांव निवासी लोड़गो बडिंग के अबुआ आवास निर्माण के लिए बघीया बीचाटोली से ट्रैक्टर में लकड़ी लोड कर गांव लाई जा रही थी। निरसिंग गांव के समीप ढलान पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और देखते ही देखते ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में रायसोम गांव निवासी मंगल बड़ींग (45) और गुस्सलु बडिंग (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ब्रेक फेल, ट्रैक्टर पलटा और उजड़ गए घर: रनिया सड़क हादसे की पूरी कहानी
हादसे में घायल हुए लोगों में बिरसु चीक बडाईक कराकेल, चोयता बडिंग, तिलिंगा बडिंग, लोड़गो बडिंग, बुधवा बडिंग और लेचा बडिंग शामिल हैं। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

