लातेहार में मनिका फोरलेन सड़क विवाद | सर्विस रोड नहीं तो रास्ता बंद | दलित परिवारों पर FIR
फोरलेन सड़क बनी दलित परिवारों के लिए ‘दीवार’, सर्विस रोड नहीं तो रास्ता बंद!
मनिका प्रखंड के बेलवाटांड टोला में फोरलेन सड़क निर्माण विकास का प्रतीक बनने के बजाय दलित परिवारों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सड़क बनने से जहां वाहन फर्राटा भरेंगे, वहीं सर्विस रोड नहीं बनने से करीब सौ दलित परिवारों का रोजमर्रा का रास्ता ही बंद हो जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे स्कूल, मरीज अस्पताल और मजदूर काम पर कैसे जाएंगे, इसका कोई जवाब प्रशासन के पास नहीं है।
🔴 हक मांगना पड़ा भारी, सर्विस रोड की मांग पर दर्ज हुआ केस
ग्रामीणों ने जब भारत वाणिज्य ईस्टर्न कंपनी और जिला प्रशासन से सर्विस रोड की मांग की, तो समाधान के बजाय दलित परिवारों पर ही मामला दर्ज कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखना कोई अपराध नहीं है। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
🔴 राजनीति एक मंच पर, दलित परिवारों के समर्थन में उतरे सभी दल
मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। कांग्रेस नेता सुरेंद्र पासवान ने केस दर्ज होने को अन्यायपूर्ण बताया, वहीं भाजयुमो जिला अध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधि छोटू राजा ने खुलकर ग्रामीणों का समर्थन किया। युवा कांग्रेस महासचिव मिथिलेश पासवान ने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए कहा कि सर्विस रोड नहीं बनी तो संवैधानिक लड़ाई लड़ी जाएगी। नेताओं और ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय पहुंचकर सीओ अमन कुमार से मुलाकात कर केस वापस लेने और समाधान की मांग की।

