नालंदा राजगीर मकर मेला: दंगल में गूंजी ‘मेडल लाओ नौकरी पाओ’, बाहरी राज्यों की पहलवानों ने की तारीफ
अखाड़े से उठी नौकरी की आवाज़, दंगल में गूंजी सरकार की योजना
मकर संक्रांति के अवसर पर राजगीर मकर मेला में आयोजित पारंपरिक दंगल इस बार सिर्फ कुश्ती का रोमांच नहीं लेकर आया, बल्कि खेल और रोजगार को जोड़ने वाली बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी “मेडल लाओ–नौकरी पाओ” योजना चर्चा का केंद्र बन गई। अखाड़े में दांव-पेंच के बीच खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर गंभीर संदेश भी गूंजता नजर आया।
🔴 हरियाणा-पंजाब-यूपी की महिला पहलवानों को पसंद आई नीतीश मॉडल
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से दंगल में भाग लेने पहुंचीं महिला पहलवानों ने बिहार सरकार की इस योजना की खुलकर तारीफ की। पहलवानों का कहना है कि पदक के साथ सरकारी नौकरी की गारंटी खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा देती है और खेल को करियर के रूप में अपनाने का आत्मविश्वास बढ़ाती है। इससे प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों की कमी के कारण खेल छोड़ने को मजबूर नहीं होंगे।
🔴 ‘अगर यह नीति हर राज्य में हो, तो बेटियां अखाड़ा नहीं छोड़ेंगी’
हरियाणा की महिला पहलवान ने कहा कि उनके राज्य में कुश्ती की मजबूत परंपरा है, लेकिन यदि “मेडल लाओ–नौकरी पाओ” जैसी ठोस नीति हर जगह लागू हो जाए, तो ग्रामीण इलाकों की लड़कियां भी बिना डर के खेल को अपना सकेंगी। वहीं पंजाब और यूपी की पहलवानों ने कहा कि इस योजना से खिलाड़ियों का सामाजिक सम्मान बढ़ता है और परिवारों का भरोसा खेलों पर मजबूत होता है।
🔴 महिला पहलवानों की बढ़ती भागीदारी, तालियों की गूंज में बदली सोच
राजगीर मकर मेला के दंगल में महिला पहलवानों की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि अब महिलाएं भी पारंपरिक अखाड़ों में मजबूती से अपनी जगह बना रही हैं। दर्शकों की भारी भीड़ और तालियों की गूंज के बीच महिला खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया और साबित किया कि सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे किसी से कम नहीं।
🔴 बिहार की खिलाड़ी बोलीं— यह योजना मनोबल और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ाती है
बिहार की महिला खिलाड़ियों ने भी सरकार की इस पहल को सराहते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और युवाओं में खेल के प्रति प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने अन्य राज्यों से भी ऐसी योजनाएं शुरू करने की अपील की।
