मोतिहारी में निगरानी विभाग का ट्रैप एक्शन: 5 हजार रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार गिरफ्तार, अंचल कार्यालय में मचा हड़कंप
मोतिहारी जिले के छौड़ादानो अंचल में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
निगरानी विभाग की टीम ने भेलवा पंचायत में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
सूत्रों के अनुसार, दाखिल-खारिज और परिमार्जन के काम को आगे बढ़ाने के एवज में कर्मचारी द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़ित की शिकायत पर निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत जैसे ही सोनू कुमार ने रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।
इस कार्रवाई के बाद पूरे अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया, वहीं अन्य कर्मियों के बीच भय और बेचैनी का माहौल देखा गया। निगरानी विभाग आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल था।
