तेज रफ्तार का कहर: एक टक्कर, चार जिंदगियां खत्म और एक घर बाल-बाल बचा”
गढ़वा | बेलचंपा गांव
गढ़वा जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। सदर थाना क्षेत्र के बेलचंपा गांव में तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो को पीछे से अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसी।
इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गनीमत रही कि जिस घर में वाहन घुसा, वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, वरना मौत का आंकड़ा और भयावह हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। टक्कर के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक सभी पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र और विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार थे। बताया गया कि सभी लोग यूपी बॉर्डर स्थित बिलासपुर गांव से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
