खलारी बाजार टांड़ में दिनदहाड़े गोलीकांड, नकाबपोशों ने इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार को मारी गोली; मैक्लुस्कीगंज में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल
खलारी (रांची):
रविवार की शाम, साप्ताहिक बाजार की रौनक… लोग खरीदारी में व्यस्त थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज ने पूरे खलारी बाजार टांड़ को दहशत में बदल दिया। मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनदहाड़े बेखौफ नकाबपोश अपराधियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार को गोली मार दी।
करीब शाम 5:30 बजे तीन से चार नकाबपोश अपराधी बाजार में पहुंचे और इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक विजय केशरी को बेहद नजदीक से निशाना बनाते हुए माथे और सीने में गोली दाग दी। गोली चलने के बाद अपराधियों ने हवाई फायरिंग की और पैदल ही फरार हो गए।
घटना के बाद साप्ताहिक बाजार में मौजूद सैकड़ों लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ ही पलों में बाजार की चहल-पहल चीख-पुकार में तब्दील हो गई। अपराधियों का इस तरह खुलेआम वारदात को अंजाम देना क्षेत्र में गिरती कानून व्यवस्था की तस्वीर साफ दिखाता है।
गंभीर रूप से घायल विजय केशरी को स्थानीय लोगों ने तत्काल डकरा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रांची रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार विजय केशरी की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में रंगदारी या आपराधिक साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के दुकानदारों और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की बात कह रही है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस गश्ती और निगरानी केवल कागजों तक सीमित है। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस गोलीबारी ने आम लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
घटना के बाद आक्रोशित व्यापारियों और ग्रामीणों ने बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट, नियमित गश्ती और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

