बंद कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला बाहर — आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य
रांची। राजधानी रांची के गढ़ा टोली इलाके में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। युवक किराए के मकान में अकेला रह रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि युवक ने आत्महत्या से पहले अपनी सेल्फी ली थी, जो उसके मोबाइल फोन में सुरक्षित मिली है।मृतक की पहचान फिलहाल इनायत के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक और पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां युवक का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (RIMS) भेज दिया है। साथ ही मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से एक सेल्फी फोटो बरामद हुई है, जिसे पुलिस आत्महत्या से पहले की मान रही है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि मामला मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्या, प्रेम प्रसंग, या आर्थिक दबाव से जुड़ा तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
