2 जनवरी को घर से निकला टेक्सटाइल कंपनी का सेल्स मैनेजर, शाम को पत्नी लौटी अकेली… चार दिन बाद जंगल से मिला
गुमला। जिसे परिवार ने अंधविश्वास की यात्रा समझा, वही सफर बुधराम तिर्की के लिए मौत की आखिरी मंज़िल बन गया। गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदा गांव के सोंगरा पहाड़ कोना जंगल से 36 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बुधराम तिर्की के रूप में हुई है, जो गुमला टेक्सटाइल में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था। 2 जनवरी को वह अपनी पत्नी रांथी देवी और बेटे के साथ ओझा-भगत के पास जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उस शाम घर लौटी तो सिर्फ पत्नी और बच्चा — बुधराम नहीं।
कहानी में पहला शक पैदा
परिजनों के अनुसार, जब बुधराम के बारे में पूछा गया तो पत्नी के जवाब हर बार बदलते रहे। गोलमोल बातों और असहज व्यवहार ने परिवार को चिंता में डाल दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान सोंगरा पहाड़ कोना जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव की पहचान कराई तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। शव को कब्जे में लेकर सोमवार को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम किया गया।
💔 प्रेम प्रसंग बना कत्ल की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच के मुताबिक, बुधराम की पत्नी रांथी देवी का सीताराम उरांव नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। इसी अवैध रिश्ते ने पति-पत्नी के रिश्ते ईको खूनी मोड़ दे दिया। पुलिस का कहना है कि तेज धारदार हथियार से बुधराम की हत्या की गई, और फिर शव को जंगल में फेंक दिया गया ताकि मामला हादसा या गुमशुदगी लगे। फिलहाल पुलिस ने रांथी देवी और सीताराम उरांव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले में कई अहम कड़ियां जोड़ने का दावा पुलिस कर रही है।
