हजारीबा के लाठी गांव में DJ बजाने पर बवाल, तलवार से हमला कर घर में घुसे 25 लोग, कई गंभीर घायल
हजारीबाग। शादी-ब्याह में खुशियां बांटने वाला डीजे हजारीबाग के पदमा थाना क्षेत्र स्थित लाठी गांव में हिंसा की वजह बन गया। डीजे बजाने से रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित रोशन कुमार ओझा के अनुसार, 3 जनवरी की शाम डीजे बजाने को लेकर पहले कहासुनी हुई, लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि कुछ ही देर बाद 20 से 25 लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और तलवार व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
रोशन कुमार ओझा ने आरोप लगाया है कि इस हमले का नेतृत्व मनोहर ओझा और राजेश ओझा कर रहे थे। हमलावरों ने न सिर्फ लोगों पर हमला किया, बल्कि घर में तोड़फोड़ कर गांव में दहशत फैलाने की कोशिश भी की।
इस हिंसक घटना में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से लाठी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

