कोडरमा में जेसीबी मालिक पर दुष्कर्म का आरोप, ऑपरेटर की पत्नी को चाकू दिखाकर बनाया शिकार
दुष्कर्म के बाद मोटरसाइकिल छोड़कर फरार जान से मारने की धमकी का आरोप
कोडरमा। जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है, जहां एक जेसीबी मालिक पर अपने ही जेसीबी ऑपरेटर की पत्नी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़िता ने डोमचांच थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, उनके पति नकुल कुमार (काल्पनिक नाम) नंदलाल पंडित के यहां जेसीबी ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय उनके पति किसी काम से बरकट्ठा गए हुए थे, जबकि सास और ननद खेत में आलू कोड़ने गई थीं। घर पर पीड़िता अपने बच्चों के साथ सो रही थी।
इसी दौरान नंदलाल पंडित घर में घुस आया और पीड़िता को अकेला पाकर चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पीड़िता भयभीत हो गई।
बताया गया कि आरोपी जब घटना के बाद घर से निकल रहा था, उसी समय पीड़िता की सास और ननद घर पहुंच गईं। उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। हालांकि भागने के दौरान आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पीड़िता के घर पर ही छोड़ गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।

