नये साल पर रांची के पिकनिक स्पॉट पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, पर्यटन विकास की कार्ययोजना के निर्देश
धुर्वा डैम बनेगा रांची का नया पर्यटन केंद्र, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का निरीक्षण दौरा
रांची।नव वर्ष के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार को रांची शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने धुर्वा डैम समेत शहर के प्रमुख पिकनिक स्थलों का निरीक्षण कर वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र को व्यवस्थित रूप से पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल रांची की पर्यटन पहचान मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया तथा स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा,
“धुर्वा डैम रांची का एक महत्वपूर्ण जल स्रोत है। इसके साथ ही यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें सरकार चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी।”
इसके बाद मुख्यमंत्री धुर्वा स्थित झारखंड न्यायिक अकादमी पहुंचे, जहां उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार, रांची जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

