हजारीबाग महिला थाना के सामने युवती ने खाया जहर, पुलिस पर गंभीर आरोप से मचा हड़कंप
न्याय न मिलने से टूटी युवती, महिला थाना के बाहर जहर खाकर किया आत्मघाती प्रयास
हजारीबाग | हजारीबाग के महिला थाना परिसर के बाहर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने कथित रूप से जहर खाकर आत्मघाती प्रयास कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस, सदर थाना पुलिस तथा डीएसपी मनोज कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
युवती की हालत गंभीर देखते हुए उसे तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
अस्पताल में भर्ती युवती की पहचान अंजलि कुमारी, निवासी बड़कागांव (हजारीबाग) के रूप में हुई है। इलाज के दौरान युवती ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसका रांची स्थित रिम्स में पदस्थापित एक चौथे वर्ष के डॉक्टर से प्रेम संबंध था। बाद में डॉक्टर ने शादी से इनकार कर दिया और इस दौरान उसके साथ कई बार शारीरिक शोषण किया गया।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी डॉक्टर की मां द्वारा उसे धमकी दी गई कि यदि वह “इज्जत बचाना चाहती है” तो दहेज देना होगा, तभी शादी संभव है। पीड़िता के अनुसार, इस मामले को लेकर करीब छह महीने पहले प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक न तो आरोपी से पूछताछ हुई और न ही उसकी गिरफ्तारी की गई।
लगातार न्याय न मिलने और मानसिक दबाव के कारण युवती अवसाद में चली गई और महिला थाना के बाहर यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डॉक्टरों की टीम युवती की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

