रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन JEE–NEET कोचिंग का शुभारंभ, हेमंत सोरेन की पहल से 300 से अधिक छात्रों को नि:शुल्क आवासीय सुविधा
रांची:माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व और सफल प्रयासों से राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी स्थित “दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग (JEE) एवं मेडिकल (NEET) कोचिंग संस्थान” का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह संस्थान झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं, विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं का जायजा लिया और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बताया कि राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना ने उनके सपनों को नई दिशा दी है और अब उन्हें JEE व NEET की तैयारी के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बॉयज हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, स्टडी व लाइब्रेरी हॉल, मेस तथा कक्षा कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता की सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
इस संस्थान के माध्यम से प्रथम चरण में 300 से अधिक चयनित छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कोचिंग, आवास, भोजन एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यह पहल झारखंड के युवाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।

