मधुपुर में दिनदहाड़े लूट, बैंक कर्मी से हथियार के बल पर ₹50 हजार छीने
देवघर | मधुपुर
देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुरा पंचायत में बुधवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। उदयपुरा स्कूल के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल सटाकर बंधन बैंक कर्मी से करीब 50 हजार रुपये लूट लिए और Apache बाइक से मौके से फरार हो गए।
लूट का शिकार हुए व्यक्ति की पहचान सूर्य नारायण सिंह के रूप में हुई है, जो बंधन बैंक, मधुपुर शाखा में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार वे भलुआपहड़ी मार्ग से होते हुए उदयपुरा क्षेत्र में पैसा कलेक्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें उदयपुरा स्कूल के पास रोक लिया और हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मधुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की गई है। फिलहाल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

