निरसा मुख्य बाजार चौक के पास देर रात लगी आग, कपड़ा और मुर्गा दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख
निरसा (धनबाद)। नव वर्ष 2026 की शुरुआत निरसा थाना क्षेत्र के लिए बेहद दुखद साबित हुई। एक ओर जहां नए साल के पहले दिन क्षेत्र में गोलीबारी की घटनाओं से दहशत का माहौल बना रहा, वहीं देर रात निरसा मुख्य बाजार चौक के समीप एक भीषण अग्निकांड ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब एक बजे निरसा मोड़ के पास स्थित दुकानों में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कपड़ा दुकान, मुर्गा दुकान समेत करीब एक दर्जन से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
नव वर्ष को लेकर दुकानों में बिक्री के लिए रखा गया सारा सामान कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया। मुर्गा दुकानों में रखे कई क्विंटल मुर्गे जिंदा जल गए, जबकि कपड़ा दुकानों में रखा लाखों रुपये का कपड़ा पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकानों को भारी नुकसान हो चुका था। कई दुकानदारों को आग लगने की जानकारी देर से मिली, जिससे वे अपनी दुकानों से कुछ भी नहीं बचा सके।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

