पटना में न्यू ईयर पार्टी पर पुलिस का एक्शन, शराब के नशे में होटल मालिक समेत तीन गिरफ्तार
बिहार शराबबंदी की उड़ाई धज्जियां, पटना के होटल में डांस पार्टी और मारपीट, 3 अरेस्ट
बिहार। पटना (ब्रेकिंग न्यूज़):
नए साल के जश्न पर पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित होटल फरिश्तो पैराडाइज का है, जहां देर रात नशे में डांस पार्टी चल रही थी।
जानकारी के अनुसार, पार्टी के दौरान नशे में धुत लोगों के बीच आपसी विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी (रेड) की।
रेड के दौरान पुलिस ने होटल के मालिक अनुराग, मैनेजर तुषार और बाउंसर विवेक को शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से शराब सेवन से जुड़े साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत यह गंभीर अपराध माना जाता है।

