औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मिला खून से लथपथ शव, गांव में मातम
औरंगाबाद में 42 वर्षीय व्यक्ति की निर्मम हत्या
औरंगाबाद। नववर्ष के स्वागत की खुशियों के बीच औरंगाबाद जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नए साल की पहली रात 42 वर्षीय एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान बारुण थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव निवासी रमेश सिंह के पुत्र दिलीप सिंह (42) के रूप में हुई है। हत्या के बाद परिजनों के चीत्कार से पूरा गांव गूंज उठा और नए वर्ष की खुशियों पर मानो वज्रपात हो गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अम्बरीष राहुल, एसडीपीओ सदर-1 संजय कुमार पांडेय और बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
एसपी ने बताया कि गुरुवार की सुबह सूचना मिली थी कि सिंदुरिया गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार दिलीप सिंह रात में यह कहकर घर से निकले थे कि सामने स्थित पंचर की दुकान जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजनों की जानकारी के आधार पर पंचर दुकान के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा। बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
नए साल की शुरुआत में हुई इस खौफनाक वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।