तुबेद कोल माइन्स परिसर में अज्ञात अपराधियों की फायरिंग, इलाके में फैली दहशत
लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुबेद कोल माइन्स परिसर में अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के दौरान अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, हालांकि इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायरिंग की आवाज सुनते ही माइन्स परिसर में अफरातफरी मच गई और काम कर रहे कर्मियों में भय का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
प्राथमिक जांच में लेवी या दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
लातेहार जिले के तुबेद कोल माइन्स परिसर में हुई फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस घटना की जिम्मेवारी कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे गैंग ने ली है। गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर एक प्रेस रिलीज जारी कर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।
