डोरंडा के सुप्रभात अपार्टमेंट में गार्ड का शव फंदे से लटका मिला, इलाके में मचा हड़कंप
रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित सुप्रभात अपार्टमेंट में गार्ड के रूप में कार्यरत युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अपार्टमेंट के बाथरूम में गार्ड प्रकाश लोहारा का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुबह करीब चार बजे डोरंडा थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक प्रकाश लोहारा मूल रूप से सोनाहातु का रहने वाला था। वह गार्ड की नौकरी कर अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाता था। प्रकाश के पिता ने बताया कि वह करीब एक महीने पहले ही रांची नौकरी करने गया था। जब वह वापस घर आने लगा था तो परिजनों ने उसे मना भी किया था, लेकिन उसने काम कर के खुद का खर्च उठाने की बात कहकर लौटने का फैसला किया। परिजनों के अनुसार प्रकाश का किसी से कोई विवाद या झगड़ा नहीं था।
वहीं, सुप्रभात अपार्टमेंट के सेक्रेट्री ने बताया कि प्रकाश एक एजेंसी के माध्यम से गार्ड की नौकरी कर रहा था। रात करीब 12 बजे तक सब कुछ सामान्य था और प्रकाश से बातचीत भी हुई थी। इसके बाद सुबह चार बजे इस तरह की घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं है।
