पिस्टल की नोक पर पेट्रोल पंप से तीन लाख की लूट, सीसीटीवी में कैद वारदात
चतरा। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयमहुआ–ब्रह्मपुर पथ पर स्थित इंदु फ्यूल स्टेशन में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर करीब तीन लाख रुपये की लूट की। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दो अपाचे बाइक पर सवार पांच से छह नकाबपोश अपराधी हथियारों से लैस होकर पेट्रोल पंप पहुंचे। बदमाशों ने पंप कर्मियों के साथ मारपीट कर दहशत फैलाया और नकदी लूट ली। लूटपाट के दौरान अपराधियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, हालांकि डीवीआर में उनकी करतूत रिकॉर्ड हो चुकी थी। पूरी घटना को चंद मिनटों में अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पेट्रोल पंप संचालक कविंद्र कुमार ने बताया कि सभी अपराधी नकाबपोश थे। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही लूटकांड का खुलासा किया जाएगा।

