लखीसराय। कवैया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास मुख्य मार्ग पर रविवार देर शाम दो बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही कवैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल लखीसराय भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतकों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज जारी है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन रहता है और सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
