शीतलहर से कांपा झारखंड, मैकलुस्कीगंज में तापमान 1.7 डिग्री
झारखंड में ठंड ने ऐसा डेरा जमाया है कि लोग अब मोबाइल से पहले रजाई ढूंढ रहे हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान 2 डिग्री तक लुढ़क गया है, जिससे सुबह उठना किसी एडवेंचर से कम नहीं रह गया है। हालात ऐसे हैं कि अलार्म तो बजता है, लेकिन इंसान रजाई से बाहर निकलने से पहले दो बार जिंदगी के फैसले बदल लेता है। मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री पहुंचते ही ठंड ने साफ कह दिया है—
“बिना स्वेटर कोई बाहर निकला तो जिम्मेदारी मेरी नहीं!”
सुबह-सुबह हल्का कोहरा और तेज कनकनी ने लोगों को चाय की दुकानों का स्थायी ग्राहक बना दिया है। चायवाले भी खुश हैं, क्योंकि इस मौसम में एक कप नहीं, तीन कप का ऑर्डर मिल रहा है। वहीं रांची की सड़कों पर शाम ढलते ही ऐसा सन्नाटा छा जाता है, मानो ठंड ने नाइट कर्फ्यू लगा दिया हो।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, फिलहाल शीतलहर का असर बना रहेगा, हालांकि दो से तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि सुबह के समय राज्य के कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहेगा और कनकनी महसूस की जाएगी, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना रहेगा। नए साल यानी 1 जनवरी 2026 को मौसम अपेक्षाकृत खुशनुमा रहने की उम्मीद है। ठंड का सबसे ज्यादा असर झारखंड के मध्य एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, चतरा, गढ़वा और लातेहार में शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
