झरिया की आग बुझाने की पहल तेज
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन–केंद्रीय कोयला मंत्री की बैठक में झरिया मास्टर प्लान व बेलगड़िया टाउनशिप पर बनी सहमति
रांची। झरिया की दशकों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में एक अहम पहल करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मुख्यमंत्री आवास, कांके रोड में मुलाकात की। इस दौरान झरिया मास्टर प्लान और बेलगड़िया टाउनशिप परियोजना को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति में राज्य सरकार, कोयला मंत्रालय तथा कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के अधिकारियों के साथ कोयला खनन एवं खनन कार्य पूर्ण हो चुकी भूमि की वापसी, गवर्नमेंट लैंड कंपनसेशन, भूमि अधिग्रहण, रैयतों के मुआवजा व नौकरी, विस्थापितों के पुनर्वास तथा CSR फंड के प्रभावी उपयोग जैसे अहम मुद्दों पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झरिया मास्टर प्लान और बेलगड़िया टाउनशिप परियोजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विस्थापित परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने झरिया मास्टर प्लान के सुचारू क्रियान्वयन के लिए पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में खनन कार्य पूरा हो चुके क्षेत्रों की भूमि राज्य को लौटाने, खदानों में अवैध खनन से हो रहे हादसों पर नियंत्रण, स्थानीय लोगों को रोजगार, खनिजों पर मिलने वाली रॉयल्टी, सरकारी भूमि पर जमाबंदी से जुड़े नीतिगत निर्णय और कोल परियोजनाओं के संचालन में आ रही बाधाओं के समाधान पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ।
केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कोल खनन परियोजनाओं में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया, जबकि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से ही झरिया समेत कोयला क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम, सीसीएल के सीएमडी एन.के. सिंह, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, सीएमपीडीआईएल के शिव राज सिंह, कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
