बरामद माल, पहचाने गए चोर… फिर भी मांडू थाना मौन ?
थाने की चारदीवारी के भीतर जब कानून के पन्ने फाड़कर समझौते की स्याही बहने लगे, तो सवाल उठना लाज़मी है—क्या चोरी अब अपराध नहीं रही? 14 दिसम्बर को रविन्द्र साहू के प्लांट से लगभग दस लाख रुपये के मोटर पार्ट्स की चोरी का मामला कुछ ऐसा ही बन गया, जहाँ कार्रवाई से ज़्यादा ‘सेटलमेंट’ की चर्चा रही।
खबर विस्तार:
मामले में स्थानीय लोगों और पुलिस द्वारा छोटू अंसारी और टीपू खान से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि चोरी गए मोटर पार्ट्स सत्तर अंसारी और जुगनू अंसारी को रांची के इरबा में बेच दिए गए हैं। हैरानी की बात यह रही कि इन्हीं की निशानदेही पर रांची से सामान की बरामदगी भी हुई।
इसके बावजूद, गंभीर चोरी के इस मामले को पुलिस ने थाने के भीतर ही ‘सुलझा’ लिया। न तो किसी पर ठोस कानूनी कार्रवाई हुई और न ही चोरी के आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के हवाले किया गया। चार लोगों को मात्र दो दिनों बाद छोड़ दिया गया, मानो अपराध नहीं, कोई गलतफहमी हुई हो।
जनता का आक्रोश:
पुलिस के इस कथित सेटलमेंट के बाद स्थानीय लोग थाने पहुँचे और कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। लोगों का कहना था कि यही गिरोह दो महीने पहले रौशन बना के घर से लाखों रुपये की चोरी में भी शामिल था, लेकिन तब भी मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया—यदि बरामदगी और स्वीकारोक्ति के बाद भी कार्रवाई नहीं होगी, तो चोरों का हौसला कौन तोड़ेगा?
तंज और सवाल: लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि अब थाने न्याय का नहीं, ‘समझौता केंद्र’ बनते जा रहे हैं, जहाँ अपराध की कीमत तय होती है, सज़ा नहीं।
