दरभंगा में योजना एवं विकास विभाग के प्रमंडलीय कार्यालय में पदस्थापित जूनियर इंजीनियर अंसारुल हक के घर और कार्यालय पर बुधवार को निगरानी विभाग (विजिलेंस) ने छापेमारी की। इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी कांड संख्या 113/25 दर्ज है।
निगरानी विभाग की टीम दरभंगा और मधुबनी में एक साथ कुल तीन स्थानों पर छापेमारी कर रही है। दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भिगो मोहल्ला स्थित इंजीनियर के दो आवासों के अलावा मधुबनी जिले के लदनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियाहा पंचायत में भी तलाशी ली जा रही है।
छापेमारी का नेतृत्व निगरानी विभाग, पटना के डीएसपी सत्येंद्र नाथ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे से विशेष निगरानी इकाई की कार्रवाई जारी है। तलाशी के दौरान जूनियर इंजीनियर अंसारुल हक अपने आवास पर नहीं मिले और फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
डीएसपी सत्येंद्र नाथ ने बताया कि अभी तक कैश बरामदगी नहीं हुई है, लेकिन कई महत्वपूर्ण कागजात हाथ लगे हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है। टीम कार्यालय और आवास से जुड़े दस्तावेजों व कंप्यूटर डेटा को खंगाल रही है।
फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
