रामगढ़ जिले के वेस्ट बोकारो थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हाथियों के तांडव से पूरा इलाका दहशत में आ गया। जंगली हाथियों के झुंड ने अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं और दो पुरुषों को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
आरा काटा इलाके में हाथियों के रिहायशी क्षेत्र में घुसने से कई घरों को नुकसान पहुंचा। लोगों ने बताया कि हाथियों की चिंघाड़ से दहशत फैल गई और जान बचाने के लिए लोग घर छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान चार लोगों की जान चली गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा काटा चार नंबर चौक को जाम कर दिया और वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। सड़क जाम के कारण घंटों यातायात बाधित रहा। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और हाथियों से सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। विभाग की ओर से मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल हाथियों का झुंड आसपास के जंगलों में मौजूद है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
