बिहार के जहानाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र के मलहचक मोड़ के समीप संचालित राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 6 की कुछ छात्राओं ने स्कूल के प्राचार्य पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है।आरोप सामने आने के बाद छात्राओं के परिजन बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि विद्यालय परिसर में इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विद्यालय में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

