गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजपुरवा मोड़ के पास बुधवार को बेखौफ अपराधियों ने गन्ना लदे ट्रैक्टर से लौट रहे एक चालक को गोली मार दी। गोली लगने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार खेत से गन्ना गिराकर वापस लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। घायल चालक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
सूचना मिलने पर मांझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

