गोड्डा में दिनदहाड़े ज्वेलर्स पर धावा, फायरिंग कर लाखों के गहने लूटे; बाजार बंद कर सड़क पर उतरे व्यापारी
गोड्डा। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल कारगिल चौक के समीप शालीमार होटल के सामने स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया। बदमाशों ने दुकान से लाखों रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लूट की सही राशि का आकलन ज्वेलरी स्टॉक के मिलान के बाद ही हो सकेगा। वारदात से नाराज व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी।
अपराधियों के हौसले बुलंद या सुरक्षा में चूक?’ गोड्डा की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट ने एक बार फिर गोड्डा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में अपराधियों का हथियार लेकर पहुंचना और फायरिंग करते हुए आराम से निकल जाना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से चोरी, लूट और छिनतई की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे कारोबारी वर्ग में भय का माहौल है। व्यापारिक संगठनों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट और नियमित गश्ती की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
क्या गोड्डा अपराधियों के निशाने पर?
हाल के महीनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नकदी लूट, बाइक सवार अपराधियों द्वारा छिनतई, हथियार के बल पर लूटपाट और व्यवसायियों को निशाना बनाने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि इनमें कई मामलों का पुलिस ने खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार भी किया, लेकिन नई वारदातों ने अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कारगिल चौक की यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह शहर के व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े हुई। अब व्यापारियों और आम लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस लूटकांड का खुलासा होता है और अपराधियों पर शिकंजा कसता है।

