रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास गुरुवार देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे जिले को झकझोर गया। कोयला लदे ट्रक और सवारी वाहन की आमने-सामने की टक्कर में बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
खुशियों के कार्यक्रम से लौट रही थी बैंड पार्टी, रास्ते में काल बनकर आया ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलसगरा और मरांगमरचा गांव के बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सवारी वाहन से वापस लौट रहे थे। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। इसी दौरान रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर लारी-बरलौंग के पास तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सात सांसें, एक जिंदगी अब भी मौत से लड़ रही
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा, NH-23 पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने लगातार हो रहे हादसों के विरोध में रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीपीओ आलोक रंजन, रजरप्पा थाना पुलिस और कई थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। प्रशासन लोगों को समझाकर यातायात सामान्य कराने में जुटा रहा।
चार दिन में 10 मौतें, लारी-बरलौंग बना ‘मौत का मोड़’, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि लारी-बरलौंग के पास का यह हिस्सा लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। पिछले चार दिनों के भीतर इसी इलाके में 10 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन अब तक सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने इस स्थान को ‘ब्लैक स्पॉट’ घोषित कर स्पीड कंट्रोल, डिवाइडर, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, चेतावनी संकेतक और भारी वाहनों की निगरानी की मांग की है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में ट्रक के गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आने की आशंका जताई है और पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

