कालूबथान पुलिस का बड़ा एक्शन, 13 चोरी की बाइक के साथ पांच शातिर गिरफ्तार
धनबाद के कालूबथान थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक मास्टर की बरामद की गई है। ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को दबोचा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में विभिन्न थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।
मास्टर की से मिनटों में उड़ाते थे बाइक, पूछताछ में खुले कई राज
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य मास्टर की की मदद से कुछ ही मिनटों में मोटरसाइकिल का लॉक खोलकर वाहन चोरी कर लेते थे। बिना किसी शोर-शराबे के वारदात को अंजाम देने के कारण लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। आरोपियों ने कई बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 13 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की बाइकों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

