धर्मेंद्र पटेल । दैनिक स्टेट हेड
रामगढ़ के मनुआ में रोज सजता है ‘जुए का दरबार’! लाखों की बाजी, रेकी का जाल और चर्चा में तीन नाम
दोपहर से रात तक चलता है दांव का खेल, हार-जीत के बावजूद हर दिन लौट आते हैं खिलाड़ी
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मनुआ स्थित कुचलवा टांड इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि यहां प्रतिदिन बड़े पैमाने पर जुए का खेल संचालित किया जा रहा है। बताया जाता है कि दोपहर करीब एक बजे से खिलाड़ियों का जुटान शुरू हो जाता है और कार्ड-पत्ती की बाजियां देर रात तक चलती रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह कोई सामान्य खेल नहीं, बल्कि एक सुनियोजित नेटवर्क की तरह संचालित होने वाला कथित जुआ अड्डा बन चुका है। रामगढ़, भुरकुंडा, कुज्जू, चरही और आसपास के कई इलाकों से लोग यहां पहुंचते हैं। कोई लाखों रुपये जीतकर लौटता है तो कोई अपनी गाढ़ी कमाई हारकर मायूस घर जाता है। इसके बावजूद जुए का नशा ऐसा है कि हारने वाले भी अगले दिन फिर उसी अड्डे पर नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना लाखों रुपये की बाजी लगने की चर्चा है। हैरानी की बात यह है कि शहर से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर कथित रूप से यह गतिविधि खुलेआम संचालित होने की बातें कही जा रही हैं। यही वजह है कि क्षेत्र में इस अड्डे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं।
कौन हैं संचालनकर्ता जिनके नामों की गूंज से गरम है इलाका
मनुआ के इस कथित जुआ अड्डे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा तीन नामों की स्थानीय स्तर पर दबे जुबान चर्चा करते दावा कर रहे हैं कि लंबे समय से ये नाम इस खेल से जुड़े होने की चर्चाओं में सामने आते रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी सरकारी एजेंसी ने इन व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कोई आरोप तय किया है। इसके बावजूद लोगों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि आखिर वह कौन लोग हैं जिनके नाम इस पूरे कथित नेटवर्क के साथ बार-बार जोड़े जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वास्तव में शहर से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर इतने बड़े स्तर पर जुए का खेल संचालित हो रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लोगों की मांग है कि प्रशासन पूरे मामले की पड़ताल कर सच्चाई सामने लाए और यह स्पष्ट करे कि इन चर्चित नामों का इस कथित कारोबार से कोई संबंध है या नहीं।
रेकी का मजबूत नेटवर्क! पुलिस या बाहरी व्यक्ति दिखते ही पहुंच जाती है सूचना
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कथित जुआ अड्डे के आसपास निगरानी की भी विशेष व्यवस्था की गई है। दावा किया जाता है कि तीन मोटरसाइकिल सवार युवक अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहते हैं, जिनका काम आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखना होता है।
हरिजन टोला के पास मनुआ रोड और फुलसराया काला रोड के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे जाने की चर्चा है। सूत्रों का कहना है कि जैसे ही कोई बाहरी व्यक्ति या पुलिस वाहन इलाके की ओर बढ़ता दिखाई देता है, तत्काल इसकी सूचना अड्डे तक पहुंचा दी जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इसी कारण किसी भी संभावित कार्रवाई की भनक पहले ही लग जाती है और संबंधित लोग सतर्क हो जाते हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अब लोगों की नजर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जानी चाहिए।

