खूँटी डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: दोस्त बना ‘कातिल’, शक और गुस्से में बहा दो नाबालिगों का खून। नई नवेली शादी, दोस्त पर भरोसा… फिर ऐसा क्या हुआ कि बन गया खूनी?झारखंड के खूँटी जिले में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। सायको थाना क्षेत्र के मारंगबुरु पहाड़ में मिले दो नाबालिगों के शवों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस जांच में जो सच सामने आया है, वह दोस्ती, भरोसे, शक और गुस्से की खौफनाक दास्तां बनकर सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी ने अपने ही दोस्त विशु पाहन की बेरहमी से हत्या कर दी। वजह थी पत्नी को लेकर पैदा हुआ शक और अंदर ही अंदर पल रहा गुस्सा। आरोपी ने शादी के बाद अपनी पत्नी की जिम्मेदारी दोस्त विशु को सौंपी थी, लेकिन बाद में उसे लगा कि उसकी पत्नी के किसी दूसरे युवक से संबंधों की जानकारी विशु को थी और उसने यह बात उससे छिपाई। इसी शक ने दोस्ती को खून के रिश्ते में बदल दिया।
छऊ मेला बना मौत का मैदान, बीच-बचाव करने पहुंची युवती भी बनी शिकार
17-18 मई की रात सायको गांव में छऊ नृत्य मेला चल रहा था। इसी दौरान आरोपी ने अपने दोस्त विशु पाहन को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, धारदार टांगी से हमला कर उसकी हत्या की जा रही थी, तभी साथ मौजूद सुमी मुंडू बीच-बचाव करने पहुंची। लेकिन गुस्से में अंधे आरोपी ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
गुफा में छिपाए गए शव, वैज्ञानिक जांच से खुली पूरी साजिश
हत्या के बाद आरोपी ने अपने दो साथियों गोमेया सोय और बुधराम सोय की मदद से दोनों शवों को मारंगबुरु पहाड़ की गुफा में छिपा दिया, ताकि मामला दब जाए। लेकिन पुलिस की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। खूँटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी, खून से सने कपड़े, चप्पल और खून लगी मिट्टी बरामद कर ली है। इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोस्ती, भरोसा, शक और गुस्से में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है।

