अपहरण कांड के आरोपी ने छीनी पुलिस की कारबाइन, आधी रात साईं मंदिर के पास चली गोलियां
जमशेदपुर में उद्योगपति कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े अपराधियों के साथ गुरुवार आधी रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। हथियार बरामदगी के लिए गिरफ्तार अपराधियों को सोनारी स्थित साईं मंदिर के पास ले जाया गया था। इसी दौरान एक अपराधी ने अचानक बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे की कारबाइन छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन अपराधियों के पैर में गोली लगी। घायल अपराधियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है।
तीनों बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की है, जिसके बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई।
🔴 कैरव गांधी अपहरण केस में बड़ा मोड़, पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश घायल
सिटी एसपी कुमार शिवाजी ने बताया कि पूछताछ के दौरान अपराधियों ने हथियार छिपाने की जगह बताई थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम देर रात हथियार बरामदगी के लिए पहुंची थी।
अपराधियों के बताए लोकेशन से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को डीजीपी तादाशा मिश्रा पूरे मामले पर आधिकारिक ब्रीफिंग करेंगी।
गौरतलब है कि 13 जनवरी को युवा उद्योगपति कैरव गांधी का अपहरण हुआ था और 27 जनवरी को 14 दिन बाद पुलिस ने उन्हें सकुशल मुक्त कराया था। इस मामले में अब तक आधा दर्जन अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मुठभेड़ के बाद एमजीएम अस्पताल और शहर के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
