🟥 सरस्वती पूजा से पहले विद्या का मंदिर जलाया गया, स्कूल बसों को आग के हवाले
बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आमतल काशी झरिया स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल में असामाजिक तत्वों ने सरस्वती पूजा से ठीक पहले बड़ी साजिश को अंजाम दिया। स्कूल परिसर में खड़ी तीन बसों और एक टाटा मैजिक में आग लगा दी गई। रात करीब 10:30 बजे के बाद हुई इस घटना में बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। गनीमत रही कि स्कूल परिसर में मौजूद छात्र और कर्मचारी सुरक्षित रहे।
🟥 सीसीटीवी काटा, कमरे बाहर से किए लॉक— आग लगाने से पहले रची गई पूरी साजिश
आगजनी की इस घटना को सुनियोजित बताया जा रहा है। स्कूल प्राचार्य कृष्ण गोपाल पांडे ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने पहले सीसीटीवी कैमरों की तारें काट दीं, फिर बसों में आग लगाई। इतना ही नहीं, स्कूल परिसर के भीतर चौकीदार और प्राचार्य के कमरों को बाहर से लॉक कर दिया गया ताकि कोई बाहर न निकल सके। चौकीदार उत्तम कुमार महतो ने बताया कि आग की लपटें दिखने पर उन्होंने शोर मचाया, तब जाकर हॉस्टल में रह रहे बच्चों ने दरवाजा खोला।
🟥 फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक खाक हो चुकी थीं बसें— पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना को जानकारी दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीन स्कूल बस और एक टाटा मैजिक पूरी तरह जल चुके थे। आगजनी के पीछे किसकी मंशा थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे कैमरों और स्थानीय सुरागों के आधार पर जांच में जुट गई है।
