नशे ने भाई को बनाया हैवान, औरंगाबाद में सगी बहन से दुष्कर्म की कोशिश, मां-बेटी पर रॉड से हमला
औरंगाबाद में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नशे में धुत एक युवक ने अपनी ही सगी छोटी बहन से दुष्कर्म का प्रयास किया। जब बहन ने विरोध किया और शोर मचाया तो उसे बचाने आई मां पर भी आरोपी ने लोहे के रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें परिजनों ने आनन-फानन में औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज जारी है। घटना औरंगाबाद शहर के एक मुहल्ले की है। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर आरोपी को वहां से भगाया।
📌 पीड़िता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
पीड़िता ने औरंगाबाद नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उसका 24 वर्षीय सगा बड़ा भाई नशे की हालत में घर आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर वह और उग्र हो गया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
🚓 क्या कहती है पुलिसिया जांच
नगर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। थानाध्यक्ष ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी पहले भी इसी तरह के मामले में अपनी सगी बहन के साथ अपराध कर चुका है और जेल जा चुका है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
