चार दिन से गायब चार नाबालिग लड़कियां, औरंगाबाद में मचा हड़कंप
बिहार के औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साथ चार नाबालिग लड़कियों के लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है।
परिजन बदहवास हैं, वहीं गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं।
पिता ने ही कर दिया बड़ा खुलासा?
मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब लापता लड़कियों में से एक के पिता ने देव थाना में दिए आवेदन में बाकी तीन नाबालिग लड़कियों को ही नामजद कर दिया।
पिता का आरोप है कि तीनों लड़कियों ने आपसी मिलीभगत से उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया, या फिर इसमें उनके परिजनों की भी संलिप्तता हो सकती है। इस आरोप के बाद मामला और ज्यादा पेचीदा हो गया है।
मोबाइल लोकेशन से लेकर दोस्तों तक, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
देव थाना पुलिस चारों नाबालिगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
तकनीकी सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन, सोशल मीडिया कॉन्टैक्ट्स और लड़कियों के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस हर संभावित एंगल को खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने आ सके
👮♂️ देव थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने बताया कि लापता लड़कियों में से एक के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तीन लड़कियों द्वारा चौथी को भगाने के आरोप की भी गंभीरता से जांच हो रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।”
फिलहाल लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
