जमशेदपुर में लापता कैरव गांधी के परिजनों से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री संजय सेठ। राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
दुख साझा करने पहुंचे मंत्री, परिजनों को दिया भरोसा
जमशेदपुर में लापता कैरव गांधी के मामले ने सियासी और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है। भारत सरकार के केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़े हैं।
‘झारखंड में प्रशासनिक पकड़ कमजोर’ — संजय सेठ का सरकार पर हमला
परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने झारखंड की कानून-व्यवस्था पर तीखा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात चिंताजनक हैं और हाल की घटनाएं इस बात का संकेत देती हैं कि प्रशासनिक नियंत्रण कमजोर पड़ा है। उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए बेहतर सुशासन की बात कही।
रांची अपहरण केस का जिक्र, सामाजिक संगठनों की भूमिका पर सवाल
संजय सेठ ने रांची में दो बच्चों के अपहरण के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि बच्चों की बरामदगी सामाजिक संगठनों की सक्रियता से हुई, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अराजकता का माहौल है, जिसका असर पुलिस और जांच एजेंसियों के मनोबल पर पड़ रहा है।
🔴 राज्य सरकार से अपील– कानून-व्यवस्था मजबूत करेसी
केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार से अपील की कि जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड को इस स्थिति से बाहर निकालने के लिए गंभीर और प्रभावी निर्णय लेने की जरूरत है।

