रांची पुलिस के हाथ खाली, लापता बच्चों की तलाश में उतरा अपराधी गिरोह
रांची : 02 जनवरी से लापता अंश और अंशिका की तलाश में रांची पुलिस की तमाम कोशिशें अब तक नाकाम साबित हुई हैं। पुलिस की बड़ी टीम खोजबीन में जुटी है, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसी बीच मामला तब और सनसनीखेज हो गया जब एक संगठित आपराधिक गिरोह ने बच्चों की खोज में उतरने का दावा किया, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अंडरवर्ल्ड की एंट्री! बच्चों की जानकारी देने पर 2 लाख रुपये इनाम का ऐलान
लापता बच्चों की तलाश में अब अंडरवर्ल्ड भी सक्रिय हो गया है। संगठित अपराधी गिरोह की ओर से घोषणा की गई है कि जो भी व्यक्ति अंश और अंशिका के बारे में पुख्ता जानकारी देगा, उसे 2 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। गिरोह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों की तस्वीरें जारी कर यह घोषणा की है, जिसने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है।
कानून से पहले गिरोह हरकत में आया, सोशल मीडिया बना तलाश का हथियार
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहां पुलिस अब तक खाली हाथ है, वहीं अपराधी गिरोह सोशल मीडिया के जरिए बच्चों की तलाश तेज़ कर रहा है। फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें वायरल की जा रही हैं। सवाल यह उठ रहा है कि क्या अपराधी नेटवर्क की पकड़ पुलिस से ज्यादा मजबूत हो गई है?

